रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर नियुक्ति पत्र वितरण सुनिश्चित करें : उपायुक्त
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)15 जुलाई।समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आज उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में मनरेगा स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत विभिन्न रिक्त पदों पर नियुक्ति की अद्यतन स्थिति एवं संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी का 01, तकनीकी सहायक (सहायक अभियंता समकक्ष) के 09, तकनीकी सहायक (कनीय अभियंता समकक्ष) के 04, लेखा सहायक के 05, कंप्यूटर सहायक के 07 तथा ग्राम रोजगार सेवक के 11 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करते हुए परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाना है।
उपायुक्त रवि आनंद ने निर्देश दिया कि जिन पदों पर स्वीकृत रिक्तियां अब भी शेष हैं, उन्हें श्रेणीवार (कैटेगरीवार) प्रतीक्षा सूची से नियमानुसार चयनित करते हुए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची तैयार कर नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मनरेगा अंतर्गत कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों के स्थानांतरण के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। समिति को अवगत कराया गया कि कई ग्राम रोजगार सेवकों की तीन वर्ष की अवधि पूर्ण हो चुकी है। इस पर समिति ने निर्णय लिया कि वर्तमान में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य संचालित होने के कारण इसके पूर्ण होने के उपरांत स्थानांतरण की प्रक्रिया पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

