नदियों को स्वच्छ रखने हेतु डंपिंग यार्ड में कचरा डंप का दिया निदेश।
RKTV NEWS/गढ़वा (झारखंड)12 जून।नदियों को स्वच्छ एवं साफ सुथरा रखने के उद्देश्य से उपायुक्त गढ़वा पशुपतिनाथ मिश्रा ने गत दिनों शहर स्थित दानरो नदी का निरीक्षण किया। दानरो नदी के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दानरो नदी पुल से छठ घाट बाईपास सरस्तीया नदी के किनारे (दोनों नदी के संगम स्थल से उत्तर की ओर) पर मुक्ति धाम के समीप शहर के अधिकांश कचड़े को डम्प किया जाता है, जिसे उपायुक्त ने अत्यंत खेदजनक माना।
विदित हो कि माननीय एन०जी०टी० (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) द्वारा नदी-नालों को सुरक्षित रखने एवं इसके संरक्षण हेतु नदियों में कचड़ा फेंकना प्रतिबंधित है, परन्तु नगर परिषद्, गढ़वा के द्वारा नदी में कचरा डम्प किया जाना नदियों की सुरक्षा एवं उसके किनारे बसे आमजनों एवं पशु पक्षियों के स्वास्थ्य के लिए हितकारी नहीं है।
फ्लस्वरूप उपायुक्त श्री मिश्रा ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद्, गढ़वा को निदेश दिया है कि नगर परिषद्, गढ़वा से निकलने वाली गंदगी, कूड़ा-कचरा को किसी वैकल्पिक उपयुक्त स्थान पर निस्तारण करना सुनिश्चित करे। उन्होंने अपने आदेश में कहा कि यदि आवश्यकता एवं नियमानुसार हो, तो इस हेतु सॉलिड वेस्ट मैनेजमेन्ट के तहत् निर्माणाधीन स्थल पर निर्मित डम्पिंग यार्ड में ही कचरा डम्प करना सुनिश्चित करें तथा वेस्ट मैनेजमेन्ट सिस्टम के माध्यम से कूड़े-कचडे का निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
नदियाँ प्राकृतिक जल चक्र को संतुलित करती हैं। नदियों की स्वच्छता का सीधा संबंध हमारे और हमारे भविष्य के स्वास्थ्य से है। नदियों को स्वच्छ रखना केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

