
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)03 जून।आज जिला पदाधिकारी भोजपुर, तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में ज़ूम मीटिंग के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्रेशन एवं सहयोग शिविर से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी कृषि समन्वयक एवं कृषि सलाहकार के माध्यम से अगले दिन कम से कम 1000 किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों को दाखिल-खारिज, परिमार्जन, खेसरा त्रुटि एवं नाम मिलान से संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया, ताकि अधिक से अधिक किसानों का रजिस्ट्रेशन कराया जा सके।
सहयोग शिविर की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 02 जून 2026 को आयोजित सहयोग शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का 24 घंटे के भीतर डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए तथा संबंधित विभाग समानांतर रूप से प्राप्त आवेदनों को निष्पादित करना सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। आगामी 16 जून 2026 को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर को लेकर जिला पदाधिकारी ने केंद्रीकृत आवेदन प्राप्ति प्रणाली को और सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया। साथ ही ऐसे लोगों की सहायता के लिए विशेष कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, जो स्वयं आवेदन लिखने में असमर्थ हैं।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविरों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका, विकास मित्र तथा अन्य क्षेत्रीय कर्मियों के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि अधिकाधिक लोग शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने सहयोग शिविरों के लिए प्रतिनियुक्त 42 पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंचायतों में प्राप्त आवेदनों के डिजिटाइजेशन एवं निष्पादन कार्यों की नियमित निगरानी करें तथा यह सुनिश्चित करें कि सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निपटारा हो।
जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन सहयोग पोर्टल www.sahyog.bihar.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
बैठक में अपर समाहर्ता भोजपुर, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
