
पटना/बिहार (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)19 जुलाई। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश मुख्यालय एवं बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बनाए गए प्रत्याशी के प्रधान चुनाव कार्यालय में शनिवार को आगामी उपचुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान तथा मतदाताओं तक पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक बूथ एवं वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही घर-घर संपर्क अभियान चलाकर आम जनता की समस्याओं को सुना जाएगा और पार्टी की नीतियों से उन्हें अवगत कराया जाएगाबैठक में महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था एवं विकास जैसे जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच उठाने की रणनीति बनाई गई। कार्यकर्ताओं से चुनावी अभियान को पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ चलाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर बिहार विधान परिषद सदस्य सोनू कुमार राय (भोजपुर–बक्सर) ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के व्यापक समर्थन के बल पर राजद बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगा।
