RK TV News
खबरें
Breaking News

वैशाली:होली पर डीएम के नेतृत्व में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था, 500 स्थलों पर दंडाधिकारी की तैनाती।

RKTV NEWS/हाजीपुर (वैशाली)27 फरवरी।वैशाली जिले में में होली 2026 (होलिका दहन 02/03 मार्च की रात्रि एवं होली 04 मार्च) को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह के नेतृत्व में व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक एवं संयुक्त ब्रीफिंग में सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में शिथिलता न बरती जाए तथा हर स्तर पर सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य किया जाए।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर इस वर्ष जिले भर में लगभग 500 चिन्हित बिंदुओं पर विशेष चौकसी की व्यवस्था की गई है। इन सभी स्थलों पर 500 से अधिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्रतिनियुक्ति 03 मार्च अपराह्न 3 बजे से 04 मार्च रात्रि 10 बजे तक प्रभावी रहेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर इसे आगे भी जारी रखा जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सतत निगरानी बनाए रखेंगे और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
महुआ, गोरौल, नगर क्षेत्र, लालगंज, देसरी, विदुपुर, बेलसर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष प्रबंध किए गए हैं। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, विवादित धार्मिक स्थलों, पूर्व में तनावग्रस्त रहे स्थानों एवं प्रमुख होलिका दहन स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। रमजान माह को ध्यान में रखते हुए मस्जिदों एवं नमाज स्थलों के आसपास विशेष चौकसी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक संवेदनशीलता प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 17 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत कार्ययोजना लागू की गई है। इनमें डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए समय-सीमा (सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक), शराबबंदी कानून के सख्त अनुपालन हेतु सघन छापेमारी, अवैध एवं जहरीली शराब पर विशेष कार्रवाई, मादक पदार्थों की रोकथाम, बाइकर्स गैंग एवं हुड़दंगियों पर नियंत्रण, मिलावटी रंग एवं खाद्य पदार्थों की जांच, सोशल मीडिया की 24×7 निगरानी, अफवाहों के त्वरित खंडन, धारा 163 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई, शांति समिति की सक्रिय भूमिका, खुफिया तंत्र के माध्यम से सूचना संकलन, रेलवे क्षेत्रों में निगरानी, अग्निशमन एवं चिकित्सा दल की तत्परता तथा भीड़ प्रबंधन की प्रभावी रणनीति शामिल हैं।
समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है, जहाँ प्रत्येक दो घंटे पर स्थिति की समीक्षा की जाएगी। महुआ एवं महनार अनुमंडल में भी अलग नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय और प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। अग्निशमन दस्ता, एम्बुलेंस, चिकित्सा टीम, क्विक रिस्पांस टीम तथा दंगा-निरोधी बल को स्टैंडबाय मोड में रखा गया है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। तेज रफ्तार वाहन संचालन, हुड़दंग, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने अथवा कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शांति एवं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले तत्वों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
जिलाधिकारी वैशाली ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे परंपरागत उत्साह और भाईचारे के साथ होली मनाएं, अफवाहों से दूर रहें तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वैशाली की जागरूक जनता के सहयोग से इस वर्ष भी होली का पर्व पूर्ण शांति और सौहार्द के साथ संपन्न होगा।

Related posts

चित्तौड़गढ़:जिला कलक्टर ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का किया अवलोकन,विद्यार्थियों से किया संवाद।

rktvnews

दैनिक पञ्चांग: 27 मई 24

rktvnews

आपातकाल लागू करना हमारे इतिहास का सबसे काला दौर: उपराष्ट्रपति

rktvnews

भोजपुर जिला प्रशासन की देखरेख में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन।

rktvnews

14 अप्रैल को आर के सिंह करेंगे व्यवसाइयों और प्रबुद्धजनों के साथ बैठक।

rktvnews

धनतेरस: समृद्धि का नहीं, संवेदना का उत्सव।

rktvnews

Leave a Comment