
भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद)29 मई।इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल द्वारा संग्रहालय के स्वर्ण जयंती समारोह वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ज्येष्ठ पूर्णिमा, शक संवत् 1948 के पावन अवसर पर मानव संग्रहालय की प्रतिष्ठित शास्त्रीय संगीत श्रृंखला ‘पूनम-42’ का आयोजन शनिवार, 30 मई 2026 को सायं 6:30 बजे संग्रहालय परिसर स्थित झील किनारे बने आवृत्ति भवन के मुक्ताकाश मंच पर किया जाएगा।
‘पूनम-42’ श्रृंखला की इस विशेष संध्या में देश के सुप्रसिद्ध संतूर वादक पंडित राहुल शिवकुमार शर्मा अपनी भावपूर्ण एवं सुरमयी प्रस्तुति देंगे। वे महान संतूर सम्राट पद्मविभूषण पंडित शिवकुमार शर्मा की सांगीतिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने वाले प्रमुख कलाकारों में गिने जाते हैं। संतूर की मधुर झंकार और उनकी विशिष्ट प्रस्तुति शैली श्रोताओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहनता और आध्यात्मिकता से जोड़ने का कार्य करेगी। उनके साथ तबले पर सुप्रसिद्ध तबला वादक पंडित राम कुमार मिश्रा संगत करेंगे।
वहीं 2025 में शुरू हुए कार्यक्रम ‘पूर्वरंग’ के अंतर्गत पूनम कार्यक्रम की शुरुआत में युवा एवं प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच प्रदान किया जाता है। इस बार पूनम -42 से पहले “पूर्वरंग” में पुणे के युवा एवं प्रतिभाशाली शास्त्रीय गायक साई ऐश्वर्य महाशब्दे के गायन से शुरुआत होगी। वे हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की विविध रागात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से संगीतप्रेमियों को सुरों की भावपूर्ण यात्रा पर ले जाएंगे। उनके साथ हारमोनियम पर निलय साल्वी तथा तबले पर ओंकार तोडकर संगत करेंगे।
मानव संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे ने बताया कि संग्रहालय भारतीय सांस्कृतिक विरासत, लोक एवं जनजातीय परंपराओं तथा शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। ‘पूर्वरंग’ जैसी श्रृंखलाएँ न केवल नवोदित कला साधकों को मंच प्रदान करती हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संगीत की गहराई और परंपरा से जोड़ने का कार्य भी करती हैं।
संग्रहालय के जनसंपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने बताया कि प्रकृति, संगीत और सांस्कृतिक विरासत के अद्भुत संगम से सजी यह विशेष संध्या भारतीय शास्त्रीय संगीत प्रेमियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव लेकर आएगी।उन्होंने,भोपाल शहर एवं आसपास के समस्त संगीत, कला और संस्कृति प्रेमियों से इस विशिष्ट शास्त्रीय संगीत संध्या में उपस्थित होकर भारतीय शास्त्रीय संगीत वाद्य संतूर की इस अनुपम मधुर ध्वनि युक्त प्रस्तुति का आनंद लेने का आग्रह किया है।
