
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)14 जुलाई।बिहार में पर्यटन को नई गति देने तथा राज्य के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों तक पर्यटकों की सुगम और त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ का विधिवत शुभारंभ किया।यह योजना राज्य के पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों को बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध होगा। इससे देश-विदेश के पर्यटकों को सुविधाजनक यात्रा का अवसर मिलने के साथ ही राज्य की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पर्यटक बिहार के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक कम समय में सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा कर सकेंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करते हुए बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।
शुभारंभ कार्यक्रम का प्रसारण भोजपुर जिले में भी देखा गया। इस अवसर पर विधायक राधा चरण साह, उदवंतनगर की जिला परिषद सदस्य, उप विकास आयुक्त भोजपुर, डीआरडीए के निदेशक, सामान्य शाखा के प्रभारी पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
