
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)07 जून। शनिवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा मसलिया प्रखंड के हारोरायडीह पंचायत भवन में आयोजित अबुआ जाति-निवासी प्रमाण-पत्र विशेष शिविर का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने लाभुकों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के निर्देशानुसार यह महत्वाकांक्षी “अबुआ जाति-निवासी प्रमाण-पत्र अभियान” के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को उनके पंचायत स्तर पर ही जाति एवं निवासी प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन को प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े तथा उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि जाति एवं निवासी प्रमाण-पत्र एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसकी आवश्यकता विभिन्न सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्तियों, शैक्षणिक संस्थानों में नामांकन, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य सरकारी कार्यों में पड़ती है। उन्होंने कहा कि आज से 20 जून तक तिथिवार जिले की लगभग सभी पंचायतों में दो-दो स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर अपना आवेदन जमा करें तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का प्रमाण-पत्र बनवाएं।
कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया तथा जाति एवं निवासी प्रमाण-पत्र हेतु प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए तथा दस्तावेजों का सत्यापन पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ किया जाए, ताकि पात्र व्यक्तियों को बिना किसी विलंब के प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय स्थित ज्ञान केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि स्थानीय बच्चों एवं युवाओं के लिए अध्ययन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री की उपलब्धता बनाए रखी जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का वातावरण मिल सके।
इसके पश्चात उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों से संवाद किया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल, राशन वितरण, पेंशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को जागरूक होकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों द्वारा पेयजल, राशन एवं पेंशन जैसी सुविधाओं के संबंध में संतोषजनक जानकारी दी गई।
इसके उपरांत उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय मसलिया का निरीक्षण किया। कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने वहां उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत कर उनके आने का उद्देश्य एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन के कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी व्यक्ति को एक ही कार्य के लिए बार-बार कार्यालय आने की आवश्यकता न पड़े।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय में विभिन्न विभागों की संचिकाओं, योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति,चापानल एवं जलमीनार हेतु संचालित कंट्रोल रूम की स्थिति, राशन वितरण की स्थिति, किसानों के लिए संचालित योजनाओं की स्थिति, अभिलेखों, कर्म पुस्तिकाओं एवं अन्य प्रशासनिक दस्तावेजों की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, अभिलेखों के समुचित संधारण तथा कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन एवं सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया।
