विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं: उप विकास आयुक्त, स्मृता कुमारी
RKTV NEWS/गिरिडीह(झारखंड )08 जून। उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अन्य विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता, वैभव कुमार सिंह, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला परियोजना पदाधिकारी (मनरेगा), जिला समन्वयक मनरेगा, सभी बीपीओ तथा सभी ब्लॉक कॉर्डिनेटर्स उपस्थित थे। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंडों की प्रखंडवार समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया। उन्होंने एक-एक प्रखंड की उपलब्धियों एवं लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2025-26 के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना सहित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में स्वीकृत आवासों की स्थिति, निर्माणाधीन एवं लंबित आवासों की प्रगति, लाभुकों को भुगतान की स्थिति तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं की जानकारी प्राप्त की गई। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मी पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही एवं तन्मयता के साथ कार्य करें। उन्होंने मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं श्रमिकों को मिलने वाले लाभों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित एवं प्रगति पर चल रहे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करें तथा उत्पन्न होने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न योजनाओं के लक्ष्य एवं उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

