
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)06 जून।आज जिला पदाधिकारी, भोजपुर, तनय सुलतानिया द्वारा चरपोखरी प्रखंड अंतर्गत लाखा +2 विद्यालय, बरनी का निरीक्षण किया गया। उक्त विद्यालय परिसर में राज्य सरकार की सात निश्चय -3 अंतर्गत के तहत प्रस्तावित नए डिग्री महाविद्यालय की स्थापना से संबंधित निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी के साथ स्थल का अवलोकन करते हुए निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप संपादित करने तथा समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने एवं किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक प्रखंड में एक डिग्री महाविद्यालय की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने निकट ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि सरकार की निर्देश के अनुरूप इन प्रस्तावित डिग्री महाविद्यालयों में 01 जुलाई 2026 से शैक्षणिक गतिविधियों एवं कक्षाओं का संचालन प्रारंभ कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है तथा इस योजना के क्रियान्वयन से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे। निर्माण एवं विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।
निरीक्षण के अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, पीरो, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा), प्रखंड विकास पदाधिकारी, चरपोखरी, अंचलाधिकारी, चरपोखरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
