RK TV News
खबरें
Breaking News

उमरिया:सफारी के दौरान नियम तोड़ने पर अब होगी दंडात्मक कार्रवाई।

वन्यजीवों का मार्ग रोकने पर वाहन होंगे प्रतिबंधित।

उमरिया/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद)03 जून।बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटन संचालन के दौरान प्राप्त गंभीर शिकायतों और नियमों के उल्लंघन के मामलों को लेकर क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप संचालक योहान कटारा, पर्यटन प्रभारी अंकित सोनी, वन परिक्षेत्र अधिकारी ताला राहुल किरार, गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह सहित जिप्सी एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में सफारी के दौरान अनावश्यक शोर-शराबा, वन्यजीवों का ध्यान आकर्षित करने के लिए आवाजें निकालना, सोशल मीडिया के लिए रील और वीडियो बनाने के उद्देश्य से वन्यजीवों को प्रभावित करना, वाहन संचालन नियमों की अनदेखी करना तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक मार्ग को अवरुद्ध करने जैसी शिकायतों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कृत्यों से बांधवगढ़ की प्रतिष्ठा,पर्यटन व्यवस्था और वन्यजीव संरक्षण प्रयासों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी गाइड, वाहन चालक और नेचुरलिस्ट पर्यटन नियमों एवं आचार संहिता का अक्षरशः पालन करेंगे। पर्यटकों को वन्यजीवों को पुकारने,शोर मचाने या उनका ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रेरित नहीं किया जाएगा। सफारी के दौरान वन्यजीवों को प्रभावित करने वाली किसी भी प्रकार की रील, वीडियो अथवा सोशल मीडिया सामग्री का निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पार्क प्रबंधन ने चेतावनी दी कि नियम उल्लंघन की शिकायत या प्रमाण मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पर्यटन नियमों और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। वन्यजीवों के अत्यधिक समीप जाने या उनका मार्ग अवरुद्ध करने पर पहली बार संबंधित वाहन को एक सप्ताह तथा दोबारा गलती करने पर एक माह तक प्रतिबंधित किया जाएगा। आर्थिक दंड, अनुमति निरस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकेगी।

बैठक में गाइडों एवं वाहन चालकों के लिए प्रत्येक 15 दिन में प्रशिक्षण आयोजित करने, चक्रधारा क्षेत्र में वाहनों की भीड़ नियंत्रित करने तथा कोर जोन में मोबाइल फोन उपयोग पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही ताला, खितौली और धमोखर बैरियर से पर्ची प्रणाली लागू कर राष्ट्रीय उद्यान से निकलने वाले मार्गों पर वाहनों के अनावश्यक रुकने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। सभी एसोसिएशनों ने नियमों के पालन और पार्क प्रबंधन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Related posts

बक्सर एवं डुमराँव में बस स्टैण्ड तथा लैण्ड फिल साईट के निर्माण के संबंध में समीक्षा बैठक।

rktvnews

बागपत:होली पर्व के मद्देनजर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक का फ्लैग मार्च।

rktvnews

पटना:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री राहत कोष न्यासी पर्षद की 23वीं बैठक संपन्न।

rktvnews

मोतिहारी:जनप्रतिनिधि गण के साथ जिलाधिकारी ने की मतदान केंद्रों के युक्तिकरण से संबंधित बैठक।

rktvnews

विद्यालय हमें बुलाता है!

rktvnews

भोजपुर:गाजे बाजे के साथ निकली बाबा श्याम की शोभायात्रा।

rktvnews

Leave a Comment