
भागलपुर/बिहार (डॉ एम रहमतुल्लाह )31 मई।पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान–2026 के अंतर्गत भागलपुर लोकसभा क्षेत्र स्थित पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, नरेगा कोठी में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का आज भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सशक्त संगठन, प्रशिक्षित कार्यकर्ता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नेतृत्व ही विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में भाजपा भागलपुर जिला अध्यक्ष संतोष शाह, प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील ठाकुर, राजकुमार सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संगठन की विचारधारा, कार्यसंस्कृति, सेवा भाव, सुशासन तथा ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया। विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक सशक्तिकरण, कार्यकर्ता निर्माण, जनसंपर्क विस्तार, सामाजिक समरसता, सेवा कार्यों के विस्तार तथा आगामी संगठनात्मक लक्ष्यों को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और जनसेवा के मूल्यों पर आधारित एक व्यापक जनआंदोलन है। प्रशिक्षण वर्ग ने कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों, कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए नई ऊर्जा और दिशा प्रदान की।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने तथा जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने का संकल्प दोहराया।
प्रशिक्षण वर्ग का समापन सशक्त संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
