जैविक खेती, फूलों की उन्नत खेती और विदेशी फलों के उत्पादन को बताया कृषि का भविष्य।

‘फार्म टू होम’ मॉडल और ‘भोपाल हॉर्टिकल्चर सोसायटी’ के गठन का दिया सुझाव।
भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद)29 मई।कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रगतिशील किसानों के प्रक्षेत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने जैविक खेती, आधुनिक उद्यानिकी, पॉलीहाउस तकनीक, विदेशी फलों की खेती तथा गौ-सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए किसानों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के समाधान तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
26 वर्षों से जैविक खेती कर रहे किसान बने प्रेरणा स्रोत
ग्राम परवलिया सड़क में कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रगतिशील कृषक मनोहर पाटीदार के प्रक्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने 10 एकड़ क्षेत्र में वैज्ञानिक पद्धति से की जा रही जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट इकाई, गोबर गैस संयंत्र तथा आम एवं चीकू के बागानों का अवलोकन किया।श्री मिश्रा ने कहा कि श्री पाटीदार जैसे किसान अन्य कृषकों के लिए प्रेरणा हैं, जो स्वयं जैविक खेती करने के साथ-साथ अन्य किसानों को भी प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने यहां ‘ऑर्गेनिक कैफे’ विकसित करने का सुझाव दिया, जिससे लोग जैविक जीवनशैली से जुड़ सकें और किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत प्राप्त हो।

