
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)19 जुलाई।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका, सुधांशु कुमार शशि के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका द्वारा आज केंद्रीय कारा, दुमका में जेल अदालत सह चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को त्वरित न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य की जांच एवं आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान करना था।
इस अवसर पर जेल अदालत के माध्यम से बंदियों की समस्याओं एवं लंबित मामलों से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। साथ ही चिकित्सा शिविर में चिकित्सकों की टीम द्वारा बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं विभिन्न संक्रामक एवं असंक्रामक रोगों की रोकथाम के संबंध में जागरूकता भी प्रदान की गई। चिकित्सकों ने बंदियों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव, विवेक कुमार ने बताया कि कारागार में निरुद्ध व्यक्तियों को संविधान एवं विधि द्वारा प्रदत्त अधिकारों की जानकारी देना तथा उन्हें आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराना प्राधिकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर जेल अदालत एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारीगण, चिकित्सा पदाधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, कारा प्रशासन के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित थे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बंदियों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
